बलौदाबाजार-भाटापारा 5 जून (आरएनएस) आधी रात जब अधिकांश लोग गहरी नींद में थे, तब भाटापारा, हथबंद और निपनिया रेलवे स्टेशनों पर पुलिस की अचानक हुई सघन चेकिंग ने संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों की नींद उड़ा दी। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में 4 और 5 जून 2026 की दरमियानी रात विशेष संयुक्त अभियान चलाया गया। इस अभियान में थाना भाटापारा शहर, थाना हथबंद और पुलिस सहायता केंद्र निपनिया की टीमों ने एक साथ मोर्चा संभालते हुए अपने-अपने क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों और आसपास के इलाकों में व्यापक जांच-पड़ताल की।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने देर रात आने-जाने वाली ट्रेनों, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और स्टेशन परिसर में संदिग्ध रूप से घूम रहे लोगों से पूछताछ की। यात्रियों के सामानों की सुरक्षा जांच की गई और स्टेशन के आसपास खड़े संदिग्ध वाहनों की भी बारीकी से चेकिंग की गई। इतना ही नहीं, रेलवे स्टेशनों के आसपास स्थित ढाबों, होटलों और सुनसान स्थानों पर भी पुलिस ने गश्त कर गतिविधियों का जायजा लिया तथा संदिग्ध तत्वों को कड़ी चेतावनी दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस औचक अभियान का मकसद केवल जांच करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों और रेल यात्रियों के बीच सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना भी है। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने स्पष्ट किया है कि जिले की शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में भी इसी तरह के आकस्मिक चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।
बहरहाल, रेलवे स्टेशनों पर पुलिस की यह सक्रियता साफ संकेत है कि अपराधियों के लिए जिले में अब कोई भी कोना सुरक्षित नहीं है और कानून का पहरा हर वक्त मौजूद है।

