नईदिल्ली,05 जून। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बल्लेबाजों ने निराश किया और उनकी पहली पारी सिर्फ 140 रन पर ही सिमट गई। जवाब में पहले दिन के खेल की समाप्ति तक न्यूजीलैंड की पारी भी लडख़ड़ा गई। स्टंप्स की घोषणा तक न्यूजीलैंड ने 61 रन तक अपने 6 विकेट गंवा दिए। इस समय क्रीज पर ग्लेन फिलिप्स (31) और नाथन स्मिथ (6) मौजूद हैं। आइए पहले दिन के खेल पर एक नजर डालते हैं।
इंग्लैंड से पारी की शुरुआत करने आए एमिलियो गे सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हुए। वह अपने टेस्ट डेब्यू में प्रभावित नहीं कर सके। इसके बाद बेन डकेट (19) भी जल्दी पवेलियन लौट गए। लगातार गिर रहे विकेटों के बीच जैकब बेथेल (1) भी आउट हुए। संकट की घड़ी में टीम को जो रूट से अच्छी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह सिर्फ एक रन बनाकर आउट हुए।
जब 13वें ओवर में इंग्लैंड का स्कोर 33/3 था, तब ब्रूक मैदान पर आए। जल्द ही इंग्लैंड का स्कोर 55/5 हो गया था। ऐसे में संकट की घड़ी में ब्रूक ने अपने टेस्ट करियर का 16वां अर्धशतक लगाया। खास बात यह है कि अपनी पारी के दौरान ब्रूक को 2 बार जीवनदान मिले। डेवोन कॉनवे और रचिन रविंद्र ने इस इंग्लिश बल्लेबाज के कैच छोड़े। वह 71 गेंदों में 56 रन बनाकर आउट हुए।
जैमीसन ने अपना टेस्ट डेब्यू कर रहे एमिलियो गे (8) को आउट करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला। उन्होंने इंग्लैंड के मध्यक्रम में जैमी स्मिथ (1), बेन स्टोक्स (12) और गस एटकिंसन (4) को पवेलियन की राह दिखाई। इस कीवी आलराउंडर ने ओली रॉबिन्सन (1) का विकेट लेते हुए अपना 5 विकेट हॉल पूरा किया। उन्होंने 14 ओवर गेंदबाजी की और 62 रन देते हुए ये सफलताएं हासिल की।
न्यूजीलैंड की पारी का दूसरे और अपने पहले ही ओवर में ओली रॉबिन्सन ने 3 विकेट लेकर विपक्षी टीम की खराब शुरुआत कर दी। उन्होंने डेवोन कॉनवे (1), केन विलियमसन (0), और रचिन रविंद्र (0) को आउट किया। इसके बाद उन्होंने डेरिल मिचेल (12) को भी बोल्ड किया। वहीं, गस एटकिंसन और जोस टंग को एक-एक सफलताएं मिली। न्यूजीलैंड की टीम पहली पारी के आधार पर फिलहाल 79 रन से पीछे है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

