=‘भाजपा व्यक्तियों नहीं, विचारधारा के आधार पर चलने वाली पार्टी’=
नई दिल्ली 05 June (rns) । तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई के पार्टी से इस्तीफा देने के बाद राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। इस बीच तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने स्पष्ट कहा है कि अन्नामलाई के पार्टी छोड़ने से भाजपा पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
नागेंद्रन ने कहा कि भाजपा किसी एक व्यक्ति पर आधारित संगठन नहीं है, बल्कि यह एक मजबूत विचारधारा पर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी राजनीतिक राह चुनने और नई पार्टी या आंदोलन शुरू करने का पूरा अधिकार है।
अन्नामलाई के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा एक स्थापित राजनीतिक दल है और ऐसे घटनाक्रमों से पार्टी की कार्यप्रणाली या जनाधार पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की ताकत उसके सिद्धांत और संगठनात्मक संरचना में निहित है।
तमिलनाडु के हितों और अधिकारों को लेकर भाजपा पर लगाए जाने वाले आरोपों का जवाब देते हुए नागेंद्रन ने कहा कि पार्टी लगातार तमिल भाषा और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपने विदेशी दौरों के दौरान तमिल भाषा, संस्कृति और विरासत का उल्लेख कर उसकी वैश्विक पहचान को मजबूत करने का प्रयास करते हैं।
गौरतलब है कि इस्तीफा स्वीकार होने के बाद अन्नामलाई ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा था कि उन्होंने पिछले वर्ष दिसंबर में ही पार्टी नेतृत्व को अपना निर्णय बता दिया था। उनके अनुसार, पार्टी ने उन्हें चुनावी प्रक्रिया पूरी होने तक संगठन में बने रहने का आग्रह किया था।
अन्नामलाई ने कहा कि अब वह एक नए राजनीतिक अभियान और नई सोच के साथ आगे बढ़ना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि व्यापक जनसमर्थन और बड़े लक्ष्यों को लेकर वह नई राजनीतिक यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने भाजपा छोड़ने के बावजूद अपने निर्णय को सम्मानजनक और सकारात्मक बताया।

