भोपाल 05 June (Rns) । मध्यप्रदेश में प्री-मानसून ने जोरदार दस्तक दे दी है। प्रदेश के आधे हिस्से में तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के 45 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज आंधी
राजधानी भोपाल में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली। यहां करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली और कई क्षेत्रों में बारिश हुई। तेज हवाओं के कारण शहर में करीब 80 पेड़ और उनकी टहनियां गिर गईं, जिससे कई सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।
आंधी और बारिश का असर बिजली व्यवस्था पर भी देखने को मिला। पेड़ गिरने और बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचने से शहर के कई इलाकों में घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली विभाग की टीमें आपूर्ति बहाल करने में जुटी रहीं। वहीं, सीहोर जिले के इछावर क्षेत्र में भी झमाझम बारिश दर्ज की गई। बारिश और ठंडी हवाओं से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली और मौसम खुशनुमा हो गया

