नईदिल्ली/नोएडा,05 जून(आरएनएस)। दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में शुक्रवार सुबह 2 जगह आग लगने की सूचना से हड़कंप मच गया। पहली आग सेक्टर 74 में स्थित आईवी काउंटी सोसायटी के फ्लैट में और दूसरी आग सेक्टर-52 के पीजी इमारत में लगी थी। दोनों जगह अग्निशमन विभाग ने दमकल वाहनों को रवाना किया। बताया जा रहा है कि आग सोसाइटी की 12वीं मंजिल पर लगी थी, जिसने कई अन्य फ्लैट को भी अपनी चपेट में ले लिया।
दमकल विभाग को सुबह 8 बजे 28 मंजिला सोसाइटी की 12वीं मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली थी। आग की लपटे फ्लैट की खिड़कियों से बाहर निकल रही थी, जिसने 16वीं मंजिल तक फ्लैट को नुकसान पहुंचाया था। दमकल विभाग की हाइड्रोलिक सीढ़ी सिर्फ 6 मंजिल तक पहुंच रही थी। बाद में सोसाइटी के अग्निशमन उपकरणों की मदद ली गई। आग लगने के दौरान सभी निवासियों ने घर खाली कर दिया था, जिससे कोई घायल और हताहत नहीं हुआ।
सोसाइटी में बचाव कार्य के बीच सेक्टर-75 से करीब 15 मिनट की दूरी पर स्थित सेक्टर-52 के शताब्दी विहार में एक पीजी इमारत में आग लग गई। दमकल अधिकारियों ने बताया कि इमारत के भूतल पर एक रेस्तरां है, जबकि ऊपरी मंजिलों पर आवासीय सुविधा है। यहां 2 दमकल गाडिय़ां भेजी गई थीं। दोनों जगह आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेकर हर स्तर पर सतर्कता बरतने को कहा है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

