जांजगीर-चांपा, 05 जून (आरएनएस)। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 वाहनों को जब्त किया है। राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने केवा (नवापारा) और हाथनेवरा क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर यह कार्रवाई की।
खनिज विभाग के अनुसार जांच के दौरान अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए जाने पर 5 हाईवा और 6 ट्रैक्टर सहित कुल 11 वाहनों को जब्त किया गया। जब्त वाहनों में से 9 को पुलिस लाइन खोखरा तथा 2 ट्रैक्टरों को थाना नवागढ़ में सुरक्षित रखा गया है।
संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान नवापारा रेत खदान का निरीक्षण भी किया। अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से खदान के पहुंच मार्ग को जेसीबी मशीन की मदद से काटकर अवरुद्ध कर दिया गया, ताकि वाहनों की आवाजाही रोकी जा सके।
प्रशासन ने बताया कि संबंधित प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दोषियों के खिलाफ दंडात्मक प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों को जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध खनन या परिवहन की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जिलेभर में रेत खदानों, परिवहन मार्गों और भंडारण स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत किया है.
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

