मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, 05 जून (आरएनएस)। जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कारों से 565 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 56 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस को देखकर तस्कर दोनों वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार पोड़ी थाना अंतर्गत नागपुर चौकी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र से मादक पदार्थों की बड़ी खेप गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की। इसी दौरान दो संदिग्ध कारें पुलिस चेकिंग प्वाइंट के पास पहुंचीं।
पुलिस बल को देखकर कार सवार तस्करों में हड़कंप मच गया। पकड़े जाने के डर से वे दोनों वाहन सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने तत्काल वाहनों को कब्जे में लेकर तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में जब्त मादक पदार्थ का वजन कराया गया। जांच में एक कार से 300 किलोग्राम और दूसरी कार से 265 किलोग्राम गांजा मिला। इस तरह कुल 565 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
पुलिस ने दोनों कारों और गांजे की खेप को जब्त कर अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर, इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई जिले में नशे के खिलाफ हाल के समय की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक है। पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच और सर्च ऑपरेशन जारी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

