रायपुर, 05 जून (आरएनएस)। साइबर अपराध के खिलाफ रायपुर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डीडी नगर थाना क्षेत्र में म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में शामिल आरोपी मानव खत्री को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। आरोपी के खाते से करीब 9 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का खुलासा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी मानव खत्री अपने बैंक खाते का उपयोग साइबर ठगों द्वारा भेजी गई अवैध राशि प्राप्त करने और निकालने के लिए कर रहा था। जांच में उसके खाते से जुड़ी चार ऑनलाइन शिकायतें सामने आई हैं, जो गुजरात, ओडिशा और आंध्र प्रदेश से प्राप्त हुई थीं।
साइबर सेल और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त जांच में पता चला कि आरोपी का बैंक खाता साइबर अपराधियों के नेटवर्क में म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर तकनीकी साक्ष्य जुटाए और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2), 317(4) और 317(5) के तहत मामला दर्ज किया है। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या बैंकिंग जानकारी उपयोग के लिए न दें और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में दे.
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

