सुकमा,05 जून (आरएनएस)। जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग तथा मोबाइल क्रैचेज की संयुक्त पहल के तहत 7 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर अमित कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में संचालित इस प्रशिक्षण में सुकमा, तोंगपाल, दोरनापाल, कोंटा एवं छिंदगढ़ परियोजनाओं के 150 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 1 जून से प्रारंभ होकर 14 जून 2026 तक चार बैचों में आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए प्रारंभिक बाल देखभाल, शिक्षा एवं विकास कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाना है।प्रशिक्षण के अंतर्गत नए पाठ्यक्रम की इकाई-1 एवं इकाई-2 पर विशेष फोकस किया जा रहा है। इससे पूर्व जिले के मास्टर ट्रेनर्स को 7 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया था, जिसके बाद वे अब विभिन्न परियोजनाओं के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दे रहे हैं। इस पहल से कार्यकर्ताओं की शिक्षण क्षमता में वृद्धि होगी तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण तैयार किया जा सकेगा। मोबाइल क्रैचेज, दिल्ली की ईसीडी विशेषज्ञ टीम द्वारा विकसित इस पाठ्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता इसका स्थानीय परिवेश से जुड़ाव है। पाठ्यक्रम में कहानियों, गीतों और कविताओं का गोंडी एवं हल्बी भाषाओं में अनुवाद शामिल किया गया है, जिससे बच्चों के लिए सीखना अधिक सहज और रोचक बनेगा। छह इकाइयों वाले इस पाठ्यक्रम में फिलहाल दो इकाइयों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जबकि आगामी चरणों में शेष इकाइयों का प्रशिक्षण भी आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस पर महिला एवं बाल विकास अधिकारी शिवदास नेताम, अर्कजा (पीपीआई फेलो) एवं रूपेंद्र देवदास (मोबाइल क्रैचेज) सहित अन्य अधिकारी एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

