जयपुर,05 जून(आरएनएस)। अफ्रीकी देशों में फैला इबोला वायरस राजस्थान की राजधानी जयपुर तक पहुंच गया है। यहां युगांडा से आईं महिला पर्यटक के अंदर संक्रमण के लक्षण मिले हैं, जिसके बाद उन्हें निगरानी में रखा गया है। युगांडा की 19 वर्षीय महिला 5 जून को एयर अरबिया विमान से जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 पर उतरी थीं। उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह से उड़ान भरी थी। हवाई अड्डे पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की नियमित स्क्रीनिंग के दौरान मामला सामने आया।
महिला पर्यटक में इबोला के लक्षण मिलने पर स्वास्थ्य अधिकारियों ने उन्हें जयपुर के आरयूएचएस अस्पताल में भर्ती कराया है। महिला विशेष आइसोलेशन वार्ड में हैं। अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखे है। महिला के नमूने जांच के लिए पुणे स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी प्रयोगशाला भेजे गए हैं, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है। अस्पताल में आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।
इबोला वायरस के संदिग्ध प्रवेश को देखते हुए राजस्थान में चिकित्सा और स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। विभाग ने सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को सतर्क रहने और हवाई अड्डे पर विदेशी खासकर अफ्रीकी देशों से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग के निर्देश दिए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 15 मई को इबोला प्रकोप को अंतरराष्ट्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य आपात घोषित किया था। यह युगांडा और कांगो में काफी प्रसार कर चुका है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

