नई दिल्ली 06 June (rns) : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए परीक्षा उत्तर पुस्तिकाओं के रिवैल्यूएशन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पहले यह तिथि 6 जून थी, जिसे छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए अब 7 जून (मध्यरात्रि) तक बढ़ा दिया गया है। बोर्ड ने शुक्रवार को इस संबंध में आधिकारिक जानकारी साझा की।
सीबीएसई ने बताया कि 12वीं कक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय छात्रों को प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय और सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से लिया गया है।
इस साल, दो जून से शुरू हुए पोर्टल पर कई छात्रों ने लॉगइन और आवेदन प्रक्रिया में समस्याओं की शिकायत की थी। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि छात्र किसी भी परेशानी की स्थिति में सीधे मैसेज करके मदद प्राप्त कर सकते हैं।
सीबीएसई के अनुसार, अब तक कुल 70,433 छात्रों ने रिवैल्यूएशन के लिए आवेदन किया है। इसमें 7,314 आवेदन अंकों के सत्यापन और 63,119 आवेदन पुनर्मूल्यांकन के लिए किए गए हैं। छात्र आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in/newsite_old/rchk.html पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
कैसे करें आवेदन:
- केवल वही छात्र आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने पहले अपनी उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी के लिए आवेदन किया था।
- छात्र संबंधित विषय की मार्किंग स्कीम, जो प्रश्न पत्र के साथ वेबसाइट पर उपलब्ध है, देखकर आवेदन कर सकते हैं।
- रिवैल्यूएशन एप्लीकेशन की स्थिति उम्मीदवार के लॉगिन पर उपलब्ध होगी।
- एक अंक की कटौती भी प्रभावी होगी।
- पुनर्मूल्यांकन का परिणाम अंतिम होगा और इसके खिलाफ कोई अपील या समीक्षा स्वीकार नहीं की जाएगी।

