शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें अधिकारी, लापरवाही पर होगी कार्रवाई – जिलाधिकारी
बल्दीराय/सुलतानपुर ,06 जून(आरएनएस)। बल्दीराय तहसील के नवनिर्मित भवन में शनिवार को जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। अवैध कब्जा, राशन कार्ड, विद्युत बिल तथा पुलिस विभाग से संबंधित सैकड़ों शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की गईं।
इस बार शिकायतों के निस्तारण के लिए नई व्यवस्था लागू की गई। प्राप्त शिकायतों को पहले संबंधित विभागीय अधिकारियों के पास भेजा गया, जहां प्रकरण की जांच कर शिकायत पत्रों पर आवश्यक टिप्पणियां दर्ज की गईं। इसके बाद शिकायतकर्ता संबंधित अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक चारु निगम के समक्ष उपस्थित हुए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। समाधान दिवस में लागू की गई नई व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने उम्मीद जताई कि इससे शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण में मदद मिलेगी तथा आमजन को राहत मिलेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

