जौनपुर ,06 जून(आरएनएस)। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडऊर गांव में बीते एक मई को दूल्हे आजाद बिंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के 38 दिन बाद भी मुख्य आरोपी गिरफ्तार नहीं हो सके हैं। मृतक आजाद बिंद की बहन सौम्या बिंद ने बताया कि उनका परिवार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने लखनऊ पहुंचा था। मुख्यमंत्री ने उनसे मुलाकात की और अभिभावक के तौर पर मीडिया में अधिक बयानबाजी न करने की सलाह दी। सौम्या बिंद के अनुसार, मुख्यमंत्री ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। परिवार की मांग है कि जून महीने के अंत तक आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाए, केवल आश्वासन नहीं। सौम्या बिंद ने रवि यादव को निर्दोष बताने वालों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रवि यादव उनके भाई का अपराधी था। सौम्या ने मांग की कि फरार चल रहे आरोपी भोले राजभर और प्रदीप बिंद को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि यदि आरोपी बाहर रहते हैं, तो वे उन्हें और उनके परिवार को नुकसान पहुंचा सकते हैं। सौम्या बिंद ने जोर देकर कहा कि अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं,परिणाम चाहिए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

