जौनपुर ,06 जून(आरएनएस)। मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो लोगों पर कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उक्त गांव निवासी रविंद्र मौर्य ने कोतवाली में तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि शुक्रवार को वह और उनके पिता राधेश्याम मौर्य अपनी दीवार में गेट लगवा रहे थे। तभी गांव के अमरनाथ, पारसनाथ, प्रदीप और अजय मौर्य लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी लेकर वहां आ गए।आरोपियों ने रविंद्र और उनके पिता पर हमला कर दिया। बीच-बचाव के दौरान उन्होंने कुल्हाड़ी से हमला कर राधेश्याम मौर्य को गंभीर रूप से घायल कर दिया। जाते-जाते हमलावरों ने जान से मारने की धमकी दी और पुलिस से शिकायत करने पर दोबारा हमला करने की बात कही। रविंद्र किसी तरह अपने पिता को अस्पताल ले गए और उनका इलाज करवा रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक विनीत रॉय ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

