जौनपुर ,06 जून(आरएनएस)। एसडीएम सदर कार्यालय में बतौर मुंशी कार्यरत रमाशंकर विश्वकर्मा पर शनिवार सुबह कुछ अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने बीच सड़क पर हमला कर दिया। बदमाशों ने लाठी-डंडों, हेलमेट तथा लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। बताते है कि 59 वर्षीय रमाशंकर विश्वकर्मा निवासी ग्राम पतहना, थाना सरायख्वाजा, अपने 18 वर्षीय पोते नितिन के साथ शनिवार सुबह 8:30 बजे बाइक से कलेक्ट्रेट स्थित एसडीएम कार्यालय के लिए निकले थे। बाइक उनका पोता नितिन चला रहा था। घर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर पहुंचते ही बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और अचानक हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने रमाशंकर विश्वकर्मा को सड़क पर गिराकर लाठी-डंडों और हेलमेट से जमकर पीटा। घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद आरोपी बदमाश फरार हो गए।घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सिर में गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण घायल रमाशंकर विश्वकर्मा को पुलिस की मदद से करंजाकला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया गया। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

