जौनपुर,06 जून(आरएनएस)। खेतासराय थाना क्षेत्र के मनेछा गांव निवासी एक युवक ने गांव के ही कई लोगों पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पीडि़त का कहना है कि घटना की लिखित शिकायत थाना खेतासराय में देने के बावजूद अब तक न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई की गई, जिससे पीडि़त परिवार में भय और आक्रोश व्याप्त है।पीडि़त हर्षित कुमार पुत्र महेन्द्र प्रसाद के अनुसार वह 5 जून को दोपहर करीब एक बजे मनेछा फुरफुरी नगर बाजार में घरेलू सामान खरीदने गया था। आरोप है कि उसी दौरान गांव के कुछ नामजद और अन्य अज्ञात लोगों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए भाग रहे युवक को हमलावरों ने करीब 300 मीटर तक दौड़ाया और डिगवां-चक्साग्यास मार्ग के पास फिर से घेरकर बेरहमी से पीटा। पीडि़त का आरोप है कि हमले में वह बेहोश होकर सड़क किनारे गिर पड़ा, जिसके बाद हमलावर उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया। पीडि़त का कहना है कि उसने पूरे मामले की शिकायत थाना खेतासराय में दी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।अब पीडि़त ने पुलिस अधीक्षक जौनपुर को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

