जौनपुर ,06 जून(आरएनएस)। जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील शाहगंज में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं।अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों और प्रार्थना पत्रों का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता को संतोषजनक न्याय मिले।जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने राजस्व एवं पुलिस विभाग से जुड़े मामलों में बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और जनसमस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मछलीशहर तहसील सभागार में अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय कुमार अंबष्ट की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 115 शिकायतें प्राप्त हुईं, लेकिन मौके पर एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका।प्राप्त शिकायतों में भूमि संबंधी मामलों की संख्या सर्वाधिक थी। समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना होता है, लेकिन इस बार कोई भी शिकायत मौके पर हल नहीं हो पाई। उपजिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय, क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा, प्रभारी तहसीलदार हुसैन अहमद सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

