उज्जैन 07 June (Rns) /- : विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग बाबा महाकाल के दरबार में रविवार तड़के दो जाने-माने चेहरे भक्ति के रंग में रंगे नजर आए. गुजराती संगीत जगत की मशहूर गायिका किंजल दवे और जानी-मानी फिल्म अभिनेत्री मोनल गज्जर तड़के होने वाली भगवान महाकाल की भव्य भस्म आरती में शामिल होने उज्जैन पहुंचीं. दोनों कलाकारों ने पूरे नियमों और श्रद्धा भाव के साथ बाबा महाकाल का पूजन-अर्चन किया और मंदिर परिसर में कुछ समय बिताकर आध्यात्मिक शांति का अनुभव किया.
नंदी हॉल में बैठकर किए भस्म आरती के दर्शन
सुबह करीब चार बजे मंदिर परिसर पहुंचीं किंजल दवे और मोनल गज्जर ने नंदी हॉल में बैठकर विशेष रूप से होने वाली भस्म आरती के दर्शन किए. लगभग दो घंटे तक चले इस दिव्य और भव्य अनुष्ठान के दौरान दोनों ही कलाकार पूरी तरह शिव की भक्ति में लीन दिखाई दीं. आरती संपन्न होने के बाद उन्होंने गर्भगृह के पास से भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर आशीर्वाद लिया. इस दौरान मंदिर प्रबंधन की ओर से दोनों खास मेहमानों का स्वागत किया गया और उन्हें बाबा का पवित्र प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया

