नई दिल्ली 07 June (Rns) : दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के बड़े प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है. भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इस आंदोलन पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है. रांची में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने इंटरनेट और डिजिटल माध्यमों के गलत इस्तेमाल पर गहरी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि देश के नौजवानों को विदेशी धरती से प्रभावित करके नकारात्मक राजनीति की तरफ धकेलने की कोई भी कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
युवाओं को भ्रमित करने की हो रही है कोशिश
नितिन नवीन ने कहा कि आज भारत का युवा अपनी कड़ी मेहनत, काबिलियत और सकारात्मक सोच के बल पर देश को विकास के रास्ते पर आगे ले जा रहा है. लेकिन कुछ लोग डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का सहारा लेकर युवाओं के बीच जानबूझकर भ्रम फैला रहे हैं और उन्हें गलत रास्ते पर ले जाने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने साफ किया कि देश का युवा रचनात्मक और सकारात्मक राजनीति में भरोसा रखता है और वह लोकतंत्र के दायरे में रहकर अपनी बात कहना अच्छी तरह जानता है.
भाजपा अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि वे लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने के अधिकार का पूरा समर्थन करते हैं. लेकिन आंदोलन की आड़ में देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचाने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती. उन्होंने युवाओं से विशेष तौर पर सतर्क रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में किसी भी जानकारी या सूचना का सही इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है, इसलिए युवाओं को हर तरह के भ्रामक और झूठे प्रचार से दूरी बनाकर रखनी चाहिए.
क्या अभिजीत दीपके पर साधा निशाना?
राजनीतिक हलकों में यह माना जा रहा है कि भाजपा अध्यक्ष का यह सीधा इशारा ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके की तरफ था. अभिजीत दीपके हाल ही में अमेरिका से भारत लौटे हैं और उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं के इस प्रदर्शन की कमान संभाली है. सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों के जरिए उन्होंने बहुत ही कम समय में बड़ी संख्या में युवाओं को इस मुहिम से जोड़ा है, जिसके बाद से यह आंदोलन अचानक से देश भर में चर्चा का विषय बन गया है

