अंबिकापुर, सरगुजा 7 जून (आरएनएस) महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने संवेदनशीलता और मानवता का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल दो लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंबिकापुर रेलवे स्टेशन के पास स्कूटी और ऑटो की आमने-सामने टक्कर में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल से गुजर रही मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपना काफिला रुकवाया और घायलों का हालचाल जाना। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने बिना किसी देरी के दोनों घायलों को अपनी गाड़ी से अस्पताल भिजवाया।
मंत्री ने अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने के बाद मंत्री स्वयं दूसरी गाड़ी से अपने निर्धारित कार्यक्रम के लिए रवाना हुईं।
मंत्री की इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि लक्ष्मी राजवाड़े ने केवल एक जनप्रतिनिधि के रूप में ही नहीं, बल्कि एक संवेदनशील नागरिक के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभाई है। उनकी तत्परता और मानवीय व्यवहार ने लोगों का दिल जीत लिया।
फिलहाल दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में मंत्री की संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण की चर्चा हो रही है।


