नईदिल्ली,07 जून(आरएनएस)। दिल्ली पुलिस को दिल्ली विश्वविद्यालय के शिवाजी कॉलेज में सहायक प्रोफेसर देबोस्मिता पॉल की हत्या के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में पश्चिम बंगाल के एक दंपति को गिरफ्तार किया गया है। यह दंपति संपत्ति विवाद के चलते पॉल की हत्या की वारदात को अंजाम देने के लिए बर्धमान से लगभग 1,400 किलोमीटर की यात्रा करके आए थे। पॉल गत 3 जून को वसुधरा एन्क्लेव स्थित सत्यम अपार्टमेंट्स में मृत मिली थीं।
शिवाजी कॉलेज में सहायक प्रोफेसर पॉल साल 2022 में अपने पति से अलग होने के बाद से सत्यम अपार्टमेंट्स स्थित अपने फ्लैट में अकेली रहती थीं। उनके पति अब बेंगलुरु में रहते हैं। पुलिस जांच में पता चला कि बुधवार को दोपहर करीब 3:20 बजे 2 नकाबपोश व्यक्ति पॉल के घर में घुसे थे और लगभग आधे घंटे बाद बाहर निकल गए। उसके आधार पर ही पुलिस ने छानबीन करते हुए दंपति को दबोचा है।
पुलिस को घर में लूटपाट का कोई सबूत नहीं मिला क्योंकि गहने और नकदी को छुआ तक नहीं गया था। जबरन घुसने का भी कोई निशान नहीं था, जिससे संकेत मिलता है कि पॉल ने शायद अपने हत्यारों को अंदर आने दिया होगा। संदिग्धों को छोडऩे वाले टैक्सी के चालक से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। इससे इस हत्या में शामिल अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सकेगा। पुलिस अब दंपति से पूछताछ कर रही है।
पॉल की बहन देवराती ने फोन पर संपर्क न हो पाने के बाद फ्लैट पहुंचकर उनका शव बरामद किया था। घर बाहर से बंद था, इसलिए देवराती को दरवाजा तोड़कर अंदर जाना पड़ा। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि पॉल पर किसी भारी वस्तु से सिर पर हमला किया गया था और उसकी कलाई की नसें काट दी गई थीं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

