भूस्खलन के कारण तीस्ता नदी में समा गई थी कार
सिलीगुड़ी 7 जून (आरएनएस)। सिक्किम से सिलीगुड़ी आ रहे एक ही परिवार के चार सदस्यों के लापता होने के मामले का रविवार को बेहद दर्दनाक अंत हुआ। पिछले दो दिनों से जारी सघन तलाशी अभियान के बाद, प्रशासनिक टीमों ने तीस्ता नदी के तेज बहाव से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को बाहर निकाल लिया है। वाहन के भीतर से परिवार के चारों सदस्यों के शव बरामद किए गए हैं। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। नदी से निकाले गए मृतकों की पहचान सिलीगुड़ी पुलिस और स्थानीय प्रशासन द्वारा कर ली गई है। इनकी शिनाख्त स्मारिका न्यौपाने (29), सब्या न्यौपाने (27), टिका माया दहल (31) और दित्या क्षेत्री (05) के तौर हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह परिवार शुक्रवार को सिक्किम से सिलीगुड़ी के लिए रवाना हुआ था। राष्ट्रीय राजमार्ग-10 (एमएच-10) पर स्थित रंबी क्षेत्र के पास परिजनों से उनका आखिरी बार संपर्क हुआ, जिसके बाद अचानक उनका मोबाइल नेटवर्क और संपर्क पूरी तरह टूट गया। अनहोनी की आशंका को देखते हुए परिजनों ने प्रशासन को सूचित किया, जिसके बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
शनिवार को खोजबीन के दौरान रेस्क्यू टीमों को नदी के गहरे पानी के भीतर लापता वाहन के होने के संकेत मिले थे। रविवार सुबह से ही एनडीआरएफ, सिविल डिफेंस और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से एक बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। तीस्ता नदी के तेज बहाव और खराब मौसम के बीच कड़ी मशक्कत करते हुए आखिरकार वाहन को पानी से बाहर निकाला गया, जिसके अंदर चारों शव फंसे हुए थे।
प्रारंभिक जांच और स्थानीय हालातों को देखते हुए माना जा रहा है कि क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण सेवक के पास भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हुआ था। सड़क पर आए मलबे और नदी के तेज बहाव की वजह से वाहन अनियंत्रित होकर सीधे तीस्ता नदी में जा गिरा।
पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की आगे की जांच कर रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

