रायगढ़, 28 जून (आरएनएस)। रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र स्थित ओम श्री रूपेश स्टील कंपनी के लेबर क्वार्टर में बाउंड्री वॉल गिरने से महिला मजदूर की मौत के मामले में पुलिस ने कंपनी के दो संचालकों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। मर्ग जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही के तथ्य सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 को आंधी-तूफान और तेज बारिश के दौरान ग्राम चिराईपानी स्थित कंपनी परिसर के पास बनी बाउंड्री वॉल अचानक ढह गई। दीवार गिरने से लेबर क्वार्टर मलबे की चपेट में आ गया, जिससे मजदूर रंभा यादव (30), सुनील परमार और उनकी पत्नी रिंकी डेलकी दब गए।
घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज रायगढ़ ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान रंभा यादव की मौत हो गई, जबकि सुनील परमार और रिंकी डेलकी का इलाज जारी है।
मामले में थाना पूंजीपथरा में दर्ज मर्ग क्रमांक 41/2026 की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कंपनी संचालक दयानंद अग्रवाल और शंकर अग्रवाल ने अपने क्रेशर प्लांट में महालक्ष्मी कास्टिंग प्रा. लि. की बाउंड्री वॉल से सटाकर आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना लेबर क्वार्टर का निर्माण कराया था। प्रारंभिक जांच में निर्माण संबंधी लापरवाही सामने आने पर दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 148/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) और 125(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
रायगढ़ पुलिस ने बताया कि प्रकरण के सभी तकनीकी और वैधानिक पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर मजदूरों के जीवन को खतरे में डालने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
0

