प्रयागराज 7 जून (आरएनएस)। गोवद्र्धन मठ पुरी पीठाधीश्वर श्रीमज्जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानन्द सरस्वती द्वारा स्थापित राष्ट्रसेवी संगठन आदित्य वाहिनी द्वारा रविवार को त्रिवेणी संगम तट पर गंगा स्वच्छता एवं जनजागरण अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिव्य कान्त त्रिपाठी ने किया।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर फैली प्लास्टिक, पॉलीथीन, पूजन सामग्री एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्रित कर स्वच्छता का संदेश दिया तथा श्रद्धालुओं को गंगा संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता के लिए प्रेरित किया।
डॉ. दिव्य कान्त त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सेवा को सर्वोच्च साधना माना गया है। माँ गंगा की स्वच्छता एवं संरक्षण हम सभी का नैतिक और धार्मिक दायित्व है।
अभियान के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने गंगा, गौ, तीर्थस्थलों एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के लिए निरंतर जनजागरण चलाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मुकुल मिश्रा, विप्रवर व्यास, आलोक मिश्र, दीपक शुक्ल, सुरेन्द्र पांडेय, आदित्य प्रताप सिंह, अनिल मिश्रा, कार्तिकेय मिश्रा आदि उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

