ब्रह्मपुर 08 June (Rns) : ओडिशा के ब्रह्मपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां गंभीर रूप से झुलसे एक पुलिस कांस्टेबल ने अपनी पत्नी और साले पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया है। कांस्टेबल का यह बयान अस्पताल में इलाज के दौरान सामने आया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घायल कांस्टेबल की पहचान आशुतोष मृदंगिया के रूप में हुई है। वह छत्रपुर स्थित आरटीओ कार्यालय में मोटर व्हीकल कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। फिलहाल उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत को देखते हुए उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
आशुतोष मृदंगिया ने अस्पताल में दिए गए अपने बयान में बताया कि घटना उस समय हुई जब वह अपनी पत्नी संध्या नायक के सरकारी क्वार्टर गए थे। संध्या नायक जिले की पुलिस में कांस्टेबल के रूप में कार्यरत हैं। आशुतोष के अनुसार, क्वार्टर पहुंचने के बाद उनकी पत्नी और उनके भाई ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों ने मिलकर उनके ऊपर पेट्रोल डाल दिया और जब वह वहां से भागने की कोशिश कर रहे थे, तभी उनके साले ने माचिस जलाकर उन्हें आग के हवाले कर दिया।

