कोलकाता 8 जून (आरएनएस)। बंगाल की शुभेंदु सरकार ने राज्य की बागडोर सम्भालने के बाद थोक में आईपीएस व और डब्ल्यूबीपीएस अधिकारियों का तबादला को अंजाम दिया है। इससे हड़कंप भी मच गया है। राज्य की पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए 179 आईपीएस और डब्ल्यूबीपीएस अधिकारियों के तबादले एवं पदोन्नति का आदेश जारी किया है। गृह एवं पर्वतीय मामले विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य पुलिस प्रशासन को और अधिक प्रभावी तथा गतिशील बनाना है।
इस व्यापक फेरबदल में कई वरिष्ठ अधिकारियों को महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजेश कुमार यादव को बांकुड़ा रेंज के आईजीपी पद से स्थानांतरित कर एसटीएफ का आईजीपी बनाया गया है। वहीं गौरव शर्मा को ट्रैफिक विभाग से एसटीएफ में नई जिम्मेदारी दी गई है। दीप नारायण गोस्वामी को माल्दा रेंज से कोलकाता पुलिस में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है।
पुलिस विभाग के विशेष शाखाओं में भी बड़े स्तर पर बदलाव किए गए हैं। शशांक शुभ्र चक्रवर्ती को सीआईडी से स्थानांतरित कर होम गार्ड का आईजी बनाया गया है। वहीं अजय कुमार ठाकुर को पदोन्नति देकर सीआईडी का आईजीपी नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों को राज्य की जांच और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट में भी अहम बदलाव देखने को मिला है। सईद वकार रजा को आईजीपी रैंक में पदोन्नत करते हुए सिलीगुड़ी के पुलिस आयुक्त पद पर बरकरार रखा गया है। दूसरी ओर कुणाल अग्रवाल को कोलकाता पुलिस के क्राइम विभाग में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं राज्य के कई जिलों में पुलिस अधीक्षकों के पदों पर भी बदलाव किए गए हैं। सुजाता कुमारी वीनपाणी को जलपाईगुड़ी का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। ईशानी पॉल को कोलकाता पुलिस के साउथ वेस्ट डिवीजन की जिम्मेदारी दी गई है। चंद्र शेखर बर्धन को डायमंड हार्बर पुलिस जिले का नया एसपी नियुक्त किया गया है, जबकि विदित राज भुंदेश को बीरभूम जिले का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

