अनूपपुर,। 08 जून 2026। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सामतपुर तालाब के तट पर रविवार को “बीजारोपण से वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत सीड बॉल निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शिक्षा सभी के लिए मीडिया, गवर्नमेंट शिक्षा सभी के लिए स्कूल अनूपपुर एवं महिला श्रमिक एवं निर्माण सहकारी संस्था मर्यादित अनूपपुर के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मिट्टी एवं खाद के मिश्रण से सीड बॉल तैयार कीं। इन सीड बॉल में जामुन, चंदन एवं बेल के बीजों का उपयोग किया गया, जिन्हें आगामी मानसून के दौरान उपयुक्त स्थलों पर रोपित किया जाएगा। इस अभिनव पहल का उद्देश्य कम लागत और न्यूनतम रखरखाव के माध्यम से अधिक से अधिक वृक्षारोपण को बढ़ावा देना है।
सामतपुर तालाब के प्राकृतिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। उपस्थित जनों ने श्रमदान कर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद पति विनोद सोनी, महिला श्रमिक एवं निर्माण सहकारी संस्था मर्यादित अनूपपुर की सीईओ श्रीमती द्रोपदी राठौर, डायरेक्टर श्रीमती सीता तिवारी, सहकार भारती जिला अनूपपुर की श्रीमती सुनीता सोनी, एमपीएसओएस की नोडल ऑफिसर वंदना सोनी, शिक्षा सभी के लिए मीडिया प्रभारी हेतराम साहू, शिक्षक धर्मेंद्र शाक्यवार एवं अजय प्रसाद सहित संस्था के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि सीड बॉल तकनीक पर्यावरण संरक्षण का एक प्रभावी और सरल माध्यम है। बारिश का पानी मिलने पर इन सीड बॉल में मौजूद बीज अंकुरित होकर पौधों में विकसित होंगे, जिससे क्षेत्र में हरियाली बढ़ेगी और पर्यावरण संतुलन को मजबूती मिलेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

