बलरामपुर-रामानुजगंज, 08 जून (आरएनएस)। घरेलू विवाद के दौरान अपने ही दादा की धारदार हथियार से हत्या कर फरार हुए आरोपी पोते को चांदो पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। आरोपी को राजपुर क्षेत्र से घेराबंदी कर पकड़ा गया और न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार थाना चांदो में दर्ज अपराध क्रमांक 21/2026 के तहत आरोपी अरुण केरकेटा (20 वर्ष), निवासी नवाडीह, थाना चांदो के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
घरेलू विवाद बना हत्या की वजह
मामले में मृतक की पत्नी मुनिया केरकेटा (64 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 7 जून को उनका नाती अरुण केरकेटा घर आया था। इसी दौरान उनके पति भुवनेश्वर केरकेटा (65 वर्ष) ने अरुण को नहाने, कपड़े धोने और कोई कामकाज नहीं करने को लेकर समझाइश दी। इस बात से नाराज होकर अरुण ने घर में रखे बसूला (धारदार हथियार) से भुवनेश्वर केरकेटा के सिर और गले पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में भुवनेश्वर केरकेटा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। परिजनों ने उसे पकडऩे का प्रयास किया, लेकिन वह भागने में सफल रहा।
पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही थाना चांदो में हत्या का मामला दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बलरामपुर-रामानुजगंज के निर्देश पर चांदो थाना सहित अन्य थाना-चौकियों की टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी जिले से बाहर भागने की फिराक में राजपुर-बरियों क्षेत्र की ओर जा रहा है। सूचना पर थाना चांदो और थाना राजपुर की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को राजपुर में पकड़ लिया।
पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाना लाकर पूछताछ की गई, जहां उसने घटना के संबंध में जानकारी दी। पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
मुख्य आरोपी
अरुण केरकेटा, पिता प्रेम केरकेटा
उम्र : 20 वर्ष
निवासी : नवाडीह, थाना चांदो, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज
पुलिस ने बताया कि हत्या जैसे गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे मामले का शीघ्र खुलासा हो सका।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

