राजनांदगांव, 08 जून (आरएनएस)। थाना घुमका पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट ऑनलाइन सट्टा प्रकरण में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी जसमीत सिंह भाटिया (36 वर्ष) पिता सुरेन्द्र सिंह भाटिया है। आरोपी का स्थायी पता वार्ड नंबर 13, खंडूवारा, डोंगरगढ़ जिला राजनांदगांव तथा वर्तमान निवास इंदिरा चौक, वार्ड नंबर 28, मानेवाड़ा, नागपुर (महाराष्ट्र) है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
थाना घुमका पुलिस को सूचना मिली थी कि 3 अप्रैल 2026 को ग्राम खैरझिटी स्थित कृषि फार्म में संचालित ऑनलाइन आईपीएल क्रिकेट सट्टा प्रकरण का फरार आरोपी ठेलकाडीह बस स्टैंड क्षेत्र में देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगांव मंजुलता बाज के मार्गदर्शन में थाना घुमका की टीम तत्काल रवाना हुई।
घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी
पुलिस टीम ने ठेलकाडीह क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी जसमीत सिंह भाटिया को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने 3 अप्रैल 2026 को रतन कृषि फार्म, खैरझिटी में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालन में सहयोग करने की बात स्वीकार की।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना घुमका के सहायक उपनिरीक्षक कोदूराम नागवंशी, आरक्षक दुर्गेश कुमार साहू एवं आरक्षक तारकेश्वर साय की विशेष भूमिका रही, जिसकी अधिकारियों ने सराहना की है।
पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन सट्टा और जुए के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
०


