दुर्ग, 08 जून (आरएनएस)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जामुल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 50 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि भिलाई के हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र स्थित एक निर्माणाधीन स्कूल परिसर में एक महिला अवैध रूप से हेरोइन की बिक्री कर रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी राजविंदर कौर के पास से 49.8 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। इसके साथ ही नशीले पदार्थ की बिक्री से प्राप्त 1 हजार रुपये नकद और एक कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत 9 लाख 97 हजार 300 रुपये आंकी गई है।
पुलिस पूछताछ में महिला के नशे के कारोबार से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हेरोइन की सप्लाई कहां से हो रही थी और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
जामुल थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) एवं 27(ए) के तहत मामला दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

