कवर्धा, 08 जून (आरएनएस)। कोतवाली थाना कवर्धा पुलिस ने एक संवेदनशील मामले में कार्रवाई करते हुए नशे की लत से पीडि़त युवक को परिजनों की सहमति से नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र भेजा है।
पुलिस के अनुसार, एक महिला ने थाना कोतवाली में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका पुत्र नशे का आदी हो चुका है और नशे की पूर्ति के लिए घर के सामान बेच रहा है, जिससे परिवार को आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेंद्र सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कवर्धा आशीष शुक्ला के निर्देशन में थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने तत्काल कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने युवक को तलाश कर अभिरक्षा में लिया और परिजनों की उपस्थिति व सहमति के बाद उसे उचित उपचार एवं परामर्श हेतु नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र भेजा गया, ताकि वह नशे की लत से मुक्त होकर सामान्य जीवन व्यतीत कर सके।
कबीरधाम पुलिस द्वारा जिले में नशे के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जा रही है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

