भोपाल 8 जून (आरएनएस)। पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की बढ़ी कीमतों के बाद अब टैक्सी-ऑटो चालक किराया बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।सोमवार सुबह रायसेन रोड स्थित छावनी पठार में कई ऑटो चालक इकट्?ठा हुए और अंडरवियर लेकर प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि ईंधन इतना महंगा हो गया है कि अंडरवियर खरीदने तक के रुपए नहीं है। इसलिए सरकार किराया बढ़ाए।
रायसेन रोड स्थित शनि मंदिर के पास आयोजित धरना प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। ऑटो संगठन के अध्यक्ष संजू अहिरवार ने बताया, यदि सीएनजी वाला ऑटो है तो उसमें एक दिन में 500 रुपए की गैस भरवाते हैं। इसके बदले 1200 रुपए का धंधा होता है। बाकी बचे 700 रुपए में से बचत, ऑटो की किश्त भी शामिल हैं। मुश्किल से 500 रुपए की नहीं बचते हैं। इसलिए ऑटो का किराया बढ़ाने की मांग सरकार से की है।
प्रदर्शन के दौरान ऑटो चालकों ने फटे अंडरवियर दिखाकर अपनी आर्थिक स्थिति का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि ऑटो की किश्त, ईंधन खर्च, वाहन रखरखाव और परिवार की जिम्मेदारियों को निभाते-निभाते उनकी आर्थिक हालत खराब हो चुकी है। चालकों ने कहा कि किश्त भरते-भरते अंडरवियर फट गए हैं। इतनी महंगाई में परिवार का गुजारा करना मुश्किल हो गया है।
ऑटो संगठन के अध्यक्ष ने कहा कि ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन ऑटो किराए में लंबे समय से कोई संशोधन नहीं किया गया। इससे हजारों ऑटो चालकों की आय प्रभावित हो रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए ऑटो किराए का पुनर्निर्धारण किया जाए ताकि चालक समय पर वाहन की किस्त जमा कर सकें और अपने परिवार का बेहतर ढंग से पालन-पोषण कर सकें।

