रायपुर, 10 जून (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री से पहले उमस बढ़ गई है। मौसम विभाग की माने तो प्रदेश में जल्द ही मानसून की एंट्री हो सकती है, हालांकि इसके लिए कुछ समय इंतजार करना होगा। अगले 24 घंटे में आंधी-तूफ ान और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में उत्तर छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान 2 डिग्री तक बढ़ा है। सबसे ज्यादा 43.5 डिग्री राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। रायपुर के अधिकांश इलाकों में आज आंशिक बादल छाए रहेंगे, उमस भी जारी रहेगी।
अगले 3-4 दिन में मानसून की दस्तक संभव
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और बिहार की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी के साथ छत्तीसगढ़ में भी मानसून के प्रवेश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं। विभाग ने अगले 3 से 4 दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून पहुंचने की संभावना जताई है। अब प्रदेश में मानूसन 12-13 जून तक बस्तर संभाग में दस्तक दे सकता है। ऐसे में रायपुर में मानसून पहुंचने में देरी होगी। सिस्टम अच्छा रहा तो 15 जून या इसके बाद पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 11 जून से पूरे प्रदेश में व्यापक वर्षा होगी। बादलों की जोरदार गर्जना से गाज भी गिर सकती है। अंधड़ भी चलने की संभावना है।
60 किमी प्रति घंटे तक चल सकती है तेज हवा
अगले 24 घंटे के लिए मौसम विभाग ने प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं अगले दो दिनों में हवा की गति 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश में शंकरगढ़, मंदिर हसौद और खरोरा में 10-10 मिमी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के अन्य कुछ स्थानों पर भी हल्की बारिश हुई।
रायपुर में आंशिक रूप से छाए रहेंगे बादल
राजधानी रायपुर के लिए जारी स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार यानि आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है। शहर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
एसएस
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

