0 अप्रैल के एनडीपीएस प्रकरण में सामने आई संलिप्तता
धमतरी, 10 जून (आरएनएस)। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। अप्रैल माह में दर्ज गांजा तस्करी के एक मामले की जांच के दौरान एक नगर सैनिक की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार थाना मगरलोड में 14 अप्रैल 2026 को अपराध क्रमांक 63/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। इस प्रकरण में पुलिस ने पहले ही 1.660 किलोग्राम अवैध गांजा, नगद राशि और मोबाइल फोन सहित कुल 89,930 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त कर पति-पत्नी को गिरफ्तार किया था।
मामले की गहन विवेचना, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि नगर सैनिक के रूप में कार्यरत महेश सिन्हा (40 वर्ष) निवासी ग्राम पाहन्दा, थाना मगरलोड, इस अवैध गांजा कारोबार से जुड़ा हुआ था और उसकी भूमिका भी प्रकरण में सक्रिय रूप से पाई गई।
पुलिस ने आरोपी पर लगातार निगरानी रखी और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि इसी मामले में पूर्व में ग्राम मोहेरा निवासी लाभाराम कुर्रे और उनकी पत्नी सुशीला बाई कुर्रे को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। उनके कब्जे से 1.660 किलोग्राम गांजा, नगद राशि और मोबाइल फोन बरामद किए गए थे।
धमतरी पुलिस ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। पिछले छह सप्ताह में सात से अधिक प्रभावी कार्रवाई करते हुए कई तस्करों और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

