वाराणसी 10 June (Rns): धर्म और अध्यात्म की पवित्र नगरी काशी जल्द ही एक और नया विश्व कीर्तिमान अपने नाम करने जा रही है। वाराणसी में दुनिया का सबसे ऊंचा शिवलिंग स्थापित होने जा रहा है। भेलूपुर स्थित जलकल विभाग के 20 एकड़ के विशाल कैंपस में 100 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से एक विश्वस्तरीय ‘शिव थीम अर्बन पार्क’ का निर्माण किया जाएगा। शासन की तरफ से इस महात्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को हरी झंडी मिल चुकी है और उम्मीद जताई जा रही है कि महज 8 से 9 महीनों के भीतर यह भव्य पार्क दुनिया के सबसे ऊंचे शिवलिंग के साथ बनकर पूरी तरह से तैयार हो जाएगा।
130 फीट होगी शिवलिंग की ऊंचाई, लेजर शो से दिखेगा अद्भुत नजारा
वाराणसी नगर निगम के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने इस प्रोजेक्ट की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस पार्क में 130 फीट ऊंचा शिवलिंग स्थापित किया जाएगा, जो पूरे विश्व में सबसे ऊंचा होगा। हालांकि, इसकी ऊंचाई और बढ़ाने को लेकर अभी भी शोध किया जा रहा है। इस विशाल शिवलिंग के चारों ओर घूमने के लिए एक शानदार वॉकिंग ट्रैक बनाया जाएगा और रात के समय शिवलिंग पर होने वाला खास लेजर शो पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगा। आपको बता दें कि वर्तमान में केरल के चेंगल स्थित 111 फीट का महालिंगम दुनिया का सबसे ऊंचा मानव निर्मित शिवलिंग माना जाता है, लेकिन काशी का यह शिवलिंग ऊंचाई के मामले में उन सभी रिकॉर्ड्स को काफी पीछे छोड़ देगा।
प्लेनेटेरियम से लेकर आर्ट गैलरी तक, एक ही जगह मिलेंगी ढेरों सुविधाएं
यह अर्बन पार्क सिर्फ आस्था और आध्यात्म का केंद्र नहीं होगा, बल्कि ज्ञान, विज्ञान और आधुनिक सुविधाओं का भी बेहतरीन संगम होगा। युवाओं और बच्चों को ब्रह्मांडीय विज्ञान और खगोलशास्त्र से जोड़ने के लिए यहां एक अत्याधुनिक प्लैनेटोरियम (तारामंडल) भी बनाया जाएगा। इसके अलावा, बच्चों के खेलने के लिए हाईटेक झूले, स्वादिष्ट व्यंजनों के लिए बड़ा फूड प्लाजा, बुजुर्गों के लिए एक शांत लाइब्रेरी और ओपन आर्ट गैलरी की सुविधा भी मौजूद रहेगी। इस आर्ट गैलरी की सबसे खास बात यह होगी कि इसमें काशी की उन महान विभूतियों की उपलब्धियों को दर्शाया जाएगा जिन्हें पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। पर्यटकों की सुविधा के लिए एक विशाल पार्किंग स्थल का भी निर्माण किया जाएगा।
शिव तत्व पर आधारित होगा पार्क का डिजिटल म्यूजियम
शहर के बिल्कुल बीचों-बीच विकसित किए जा रहे इस पूरे 20 एकड़ के पार्क को ‘शिव तत्व’ की थीम पर ही डिजाइन किया जा रहा है, ताकि यहां आने वाले हर श्रद्धालु और पर्यटक को एक अद्भुत आध्यात्मिक शांति का अनुभव हो सके। पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए यहां भारी मात्रा में ऑक्सीजन देने वाले पौधे लगाकर एक सघन हरित क्षेत्र भी विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही परिसर में एक डिजिटल और मॉडर्न म्यूजियम भी तैयार किया जाएगा, जिसमें काशी की सदियों पुरानी प्राचीन धरोहरों, ऐतिहासिक मंदिरों और पौराणिक गाथाओं को बेहद आधुनिक और खूबसूरत अंदाज में सहेजकर पर्यटकों के सामने प्रदर्शित किया जाएगा।

