दुर्ग, 10 जून (आरएनएस)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन विश्वास के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के चार थाना क्षेत्रों से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 121 पौवा, 4 बोतल अवैध देशी शराब, नगदी राशि और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 64 हजार रुपये से अधिक बताया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 जून को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर थाना नंदिनी नगर, उतई, वैशाली नगर और खुर्सीपार पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में समन्वित अभियान चलाकर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से शराब का संग्रहण और बिक्री करते पाए गए पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफतार आरोपियों में हुमन जांगड़े (45) निवासी कोकड़ी, थाना नंदिनी नगर, पोषण चन्द्राकर (35) निवासी हुण्डेरा, थाना उतई, लवण ठाकुर निवासी उतई क्षेत्र, एम. जगदीश (52) निवासी कैम्प-1 स्टील नगर, थाना वैशाली नगर तथा सुनील प्रसाद (43) निवासी शास्त्री मार्केट, थाना खुर्सीपार शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने बताया कि अवैध शराब और अन्य मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध नशे के कारोबार से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

