0 15 लाख के सरिया गबन मामले में यूपी से एक आरोपी तथा कोयला गबन प्रकरण में पंजाब से दूसरा गिरफ्तार
सूरजपुर, 10 जून (आरएनएस)। सूरजपुर पुलिस ने अमानत में खयानत के दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए उत्तर प्रदेश और पंजाब में दबिश देकर दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में करोड़ों रुपये की संपत्ति और माल के गबन का आरोप है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में आर्थिक अपराधों के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
सरिया गबन मामले में यूपी से आरोपी गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, 14 जनवरी 2026 को ग्राम नयनपुर निवासी अमित पाण्डेय ने थाना सूरजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि यू.बी. वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट से 30 टन 160 किलो सरिया ट्रक क्रमांक यूपी 61 एटी 2832 में लोड कर उत्तर प्रदेश भेजा गया था। रास्ते में चालक और उसके साथियों ने करीब 15.23 लाख रुपये मूल्य के सरिया का गबन कर दिया।
इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर सरिया बिक्री की रकम से खरीदे गए तीन ट्रकों सहित करीब 1.50 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर चुकी है। वहीं एक अन्य आरोपी सुनील विश्वकर्मा को मार्च 2026 में मिर्जापुर से गिरफ्तार किया गया था।
मामले के मुख्य फरार आरोपी अनिल यादव की तलाश जारी थी। डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद 9 जून 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।
कोयला गबन मामले में पंजाब से गिरफ्तारी
दूसरे मामले में 19 फरवरी 2026 को विश्रामपुर निवासी ऋषिकेश पाण्डेय ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रेहर भूमिगत खदान से दो ट्रकों में 80.29 टन कोयला ओडिशा भेजा गया था, जिसे चालक और उसके साथियों ने ट्रक सहित गायब कर दिया।
इस मामले में पुलिस ने पहले आरोपी बारु राम शर्मा उर्फ अमनदीप सिंह को गिरफ्तार किया था। अब फरार चल रहे आरोपी जसपाल सिंह उर्फ बलजीत सिंह को पंजाब के बरनाला जिले में दबिश देकर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार इस प्रकरण में अभी दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
दोनों मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी विमलेश दुबे, एएसआई देवनाथ चौधरी, आरक्षक जितेन्द्र पटेल, इमरान खान एवं रविराज पाण्डेय की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सूरजपुर पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और आर्थिक अपराधों पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

