भिलाई, 10 जून (आरएनएस)। थाना सुपेला पुलिस ने गैरेज में मरम्मत के लिए खड़ी कार से इंटरकूलर चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया तथा न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 7 जून को विश्वकर्मा मार्केट स्थित श्री बालाजी रत्ना मोटर्स वक्र्स के संचालक ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि मरम्मत के लिए 5 जून को गैरेज में खड़ी स्विफ्ट डिजायर कार (सीजी 07 एजी 4848) के इंटरकूलर की जांच करने पर वह गायब मिला।
गैरेज में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक व्यक्ति वाहन का इंटरकूलर कपड़े में लपेटकर ले जाते हुए दिखाई दिया। जांच के दौरान उसकी पहचान बंटी उर्फ बेटी जी नट के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बंटी उर्फ बेटी जी नट (30 वर्ष) निवासी डमरूपारा, वार्ड क्रमांक-08, न्यू कृष्णा नगर, सुपेला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया इंटरकूलर और अन्य आवश्यक साक्ष्य बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार चोरी गए इंटरकूलर की कीमत लगभग 10 हजार रुपये है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विशेष रूप से सहायक उप निरीक्षक अजय शंकर अविनाशी, आरक्षक मनोज ध्रुव और आरक्षक कमल साहू का योगदान सराहनीय रहा।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि प्रतिष्ठानों और वाहनों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, जिससे अपराधों की रोकथाम में मदद मिल सके।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

