नईदिल्ली,11 जून। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में रिकॉर्ड जीत दर्ज करने के बाद अब वनडे सीरीज में कप्तानी करने को तैयार हैं। तीनों वनडे मैच धर्मशाला (13 जून), लखनऊ (17 जून) और चेन्नई (20 जून) में खेले जाएंगे। इस सीरीज में भारतीय टीम 2027 वनडे विश्व कप से पहले सही संतुलन बनाने की कोशिश करेगी। इस सीरीज में गिल व्यक्तिगत तौर पर कुछ रिकॉर्ड भी अपने नाम कर सकते हैं।
गिल वनडे में 3,000 रन पूरे करने वाले 21वें भारतीय बन सकते हैं। उन्हें इसके लिए 47 रनों की जरूरत है। अब तक भारतीय कप्तान ने 61 वनडे मैचों में 55.71 के शानदार औसत से 2,953 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट लगभग 100 की रही है। अपने शानदार करियर में गिल 8 शतक, 17 अर्धशतक और एक दोहरा शतक लगा चुके हैं। उनका उच्चतम स्कोर 208 रन है, जो उन्होंने 2023 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ बनाया था।
गिल वनडे में 3,000 रन बनाने वाले सबसे तेज भारतीय खिलाड़ी बनने के करीब हैं। उन्होंने अब तक 61 पारियां खेली हैं। शिखर धवन (72 पारी) के नाम भारत के लिए यह रिकॉर्ड है। गिल यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे सबसे तेज खिलाड़ी भी बन सकते हैं। दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला (57) इस सूची में शीर्ष पर हैं, जबकि शाई होप, फखर जमान और इमाम-उल-हक (67-67) उनके बाद आते हैं।
गिल इस वनडे सीरीज के दौरान क्रिकेट के सभी प्रारूप में 7,000 रन बनाने वाले 22वें भारतीय भी बन सकते हैं। भारत के लिए 138 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 44.97 के औसत से 6,791 रन बनाए हैं। उनके नाम 20 शतक और 28 अर्धशतक हैं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

