नईदिल्ली,11 जून। भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पांड्या पैर में मोच के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो सकते हैं। पांड्या 2 जून से बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिटनेस पर काम कर रहे थे और पूरी तरह फिट थे। उन्हें 11 जून को धर्मशाला में भारतीय टीम से जुडऩा था, लेकिन आखिरी समय में लगी चोट के कारण वह कम से कम 2 सप्ताह और बेंगलुरु में रहेंगे।
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा, आखिरी समय में एक झटका लगा है। हार्दिक के पैर में हल्की मोच आई है, जिससे वहा दर्द महसूस कर रहे हैं। यह कोई लंबी अवधि की चोट नहीं है, लेकिन मेडिकल स्टाफ ने उन्हें अगले कुछ दिनों तक किसी भी तरह के दबाव या वजन डालने से बचने की सलाह दी है। वह बेंगलुरु में ही रहेंगे और सीओई के फिजियो तथा ट्रेनर्स के साथ लगातार संपर्क में रहेंगे।
32 साल के हार्दिक ने अब तक 94 वनडे मुकाबले खेले हैं। इसकी 68 पारियों में 10 बार नाबाद रहते हुए 32.82 की औसत से 1,904 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 110.89 की रही है। इस खिलाड़ी ने 11 अर्धशतक जड़े हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 92* रन रहा है। गेंदबाजी में इस खिलाड़ी ने 88 पारियों में 35.50 की औसत से 91 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/24 का रहा है।
भारत के दौरे पर आने वाली अफगानिस्तान टीम 13 जून को धर्मशाला में पहले वनडे मैच के साथ सीरीज का आगाज करेगी। इसके बाद दूसरा वनडे मुकाबला 17 जून को लखनऊ के एकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। इसी तरह तीसरा और आखिरी वनडे मैच 20 जून को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच एकमात्र टेस्ट मैच भी हुआ, जिसे भारतीय टीम ने पारी और 300 रन से अपने नाम किया था।
अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारत की वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल मैच के दौरान विराट कोहली को हैमस्ट्रिंग हुई थी। ऐसे में वह भी इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। जसप्रीत बुमराह भी इस सीरीज में नहीं खेलेंगे।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

