0 तेज हवाएं चल सकती है,
रायपुर, 11 जून (रायपुर)। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच राहत की बड़ी खबर आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार और झारखंड के कुछ और हिस्सों में आगे बढऩे के लिए स्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं। वर्तमान में एक मौसमी द्रोणिका पंजाब से लेकर पश्चिम बंगाल तक फैली हुई है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश होते हुए विदर्भ तक एक अन्य द्रोणिका बनी हुई है, जिससे राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव आने की संभावना है।
उबलते राजनांदगांव में शाम को बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में सबसे ज्यादा 2 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा कापू, रघुनाथ नगर, लखनपुर, छुरा, बतौली, सरिया और कुसमी में भी 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। तापमान की बात करें तो राजनांदगांव 44 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 21.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। राजनांदगाव में बुधवार शाम को झमाझम से लोगों ने राहत महसूस की।
जून में होगी कम बारिश
एमएल साहू, रिटायर्ड डिप्टी डायरेक्टर जनरल मौसम विभाग ने बताया कि मई-जून में कम बारिश हुई है। हालांकि अभी प्रदेश में मानसून नहीं पहुंचा है। इसके पहुंचने के बाद व्यापक बारिश होने की संभावना है। जून में अच्छी बारिश होने का ट्रेंड रहा है। इस साल देखने वाली बात होगी कि अच्छी बारिश होती है या नहीं। सामान्य से कम वर्षा होने का अनुमान है। जून में गर्मी भी पडऩे की आशंका है।
तेज हवाएं चल सकती हैं
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। बारिश की शुरुआती गतिविधियों ने कई इलाकों में गर्मी से राहत पहुंचाई है, हालांकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अभी भी तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
रायपुर में आंशिक बादल, बारिश और अंधड़ के आसार
राजधानी रायपुर के लिए जारी स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार 11 जून को आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहेगा। शहर में गरज-चमक के साथ बारिश या अंधड़ चलने की संभावना है। रायपुर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है।
एसएस
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

