कवर्धा, 11 जून (आरएनएस)। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने ग्राम पंचायतों में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले सचिवों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
यह समीक्षा बैठक रानी दुर्गावती चौक स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल के ऑडिटोरियम में आयोजित की गई, जिसमें महात्मा गांधी नरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, समग्र ग्रामीण विकास एवं ग्राम संपदा ऐप से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान ग्राम संपदा ऐप में 20 पंचायत सचिवों द्वारा निर्माण कार्यों की ऑनलाइन एंट्री नहीं किए जाने पर सीईओ ने नाराजगी जताते हुए कड़ी फटकार लगाई। अनुपस्थित ग्राम पंचायत सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश उपसंचालक पंचायत को दिए गए।
सीईओ अभिषेक अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मनरेगा के अंतर्गत सभी निर्माण कार्य 30 जून तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाएं, जिसके बाद 1 जुलाई से विकसित भारत ग्राम योजना के तहत नए कार्यों की स्वीकृति शुरू की जाएगी। उन्होंने मनरेगा के तहत अधिक से अधिक ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने और मजदूरी का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान अप्रारंभ आवासों को शीघ्र शुरू करने तथा निर्माणाधीन आवासों को तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना एवं क्षमता विकास के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों और नवीन ग्राम पंचायत भवनों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 पर विशेष चर्चा की गई। सीईओ ने निर्देश दिए कि कचरे का स्रोत स्तर पर पृथक्करण सुनिश्चित किया जाए और प्रत्येक घर में चार प्रकार के डिब्बों का उपयोग अनिवार्य रूप से कराया जाए। 100 किलो प्रतिदिन कचरा उत्पन्न करने वाले ढाबों, मैरिज हॉल, बाजार, शुगर एवं गुड़ फैक्ट्रियों का चिन्हांकन कर उनका पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने, नारा लेखन, चित्रकारी, चौपाल और रैली जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में उपसंचालक पंचायत राज तिवारी, सभी जनपद सीईओ, जिला पंचायत अधिकारी, शाखा प्रभारी, ग्राम पंचायत सचिव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
0

