बेंगलुरु,11 जून(आरएनएस)। कर्नाटक के 2,400 करोड़ रुपये के निवेश महाघोटाले में जांच एजेंसी सीआईडी ने एक बड़ा खुलासा किया है। बताया गया है कि निवेशकों से ठगे गए पैसों का एक बड़ा हिस्सा अभिनेत्री सनी लियोनी समेत मनोरंजन जगत के कई अन्य कलाकारों और अभिनेत्रियों को भी ट्रांसफर किया गया था। इसके बाद सीआईडी ने सनी को एक औपचारिक नोटिस जारी कर इस वित्तीय लेन-देन का पूरा हिसाब मांगा है। आइए जानें इस महाघोटाले से सनी का नाम किस तरह जुड़ा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिवम एसोसिएट्स के 2,400 करोड़ रुपये के निवेश घोटाले की जांच कर रही कर्नाटक सीआईडी ने अभिनेत्री सनी से कुछ जानकारी मांगी है। ये जानकारी मुख्य आरोपी द्वारा निर्मित एक फिल्म में उनके काम से जुड़े भुगतानों के संबंध में मांगी गई है। अधिकारियों ने साफ किया है कि इस नोटिस का मकसद सिर्फ जानकारी लेना है। इसका ये मतलब नहीं कि सनी ने कोई गलत काम किया है या वो इस घोटाले में शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार, कर्नाटक सीआईडी शिवम एसोसिएट्स और उसके प्रमोटर शिवानंद नीलण्णावर के बैंक खातों व वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। शिवानंद पर कथित तौर पर अवैध निवेश योजनाओं के जरिए करीब 40,700 निवेशकों से धन जुटाने का आरोप है। जांच में ये भी सामने आया कि नीलण्णावर द्वारा निर्मित वर्ष 2023 की कन्नड़ फिल्म चैंपियन के गीत डिंगारा बिल्ली नानू में प्रस्तुति के लिए सनी को लगभग 1 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था।
सीआईडी के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (डीआईजी) भीमाशंकर गुलेद ने बताया कि निवेशकों से अवैध रूप से जुटाए गए पैसों का एक हिस्सा सनी लियोनी समेत कई कलाकारों और अभिनेत्रियों को दिया गया था। इसी सिलसिले में सीआईडी ने सनी को नोटिस जारी कर इस वित्तीय लेन-देन की पूरी जानकारी मांगी है। अभिनेत्री से पूछा गया है कि उन्हें ये पैसा किस काम के लिए दिया गया था और इस भुगतान का मुख्य उद्देश्य क्या था।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

