फतेहपुर 11 जून (आरएनएस )। जाफरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम अंगदपुर में जमीनी विवाद को लेकर बुधवार की देर रात घर के बाहर सो रहे 65 वर्षीय वृद्ध को धारदार हथियार मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार अंगदपुर गांव निवासी स्व0 लक्ष्मण सोनकर का पुत्र तक्कीलाल घर के बाहर सो रहा था। तभी आधा दर्जन लोग आए और धारदार हथियार मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद सभी लोग मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के छोटे भाई रमेश ने बताया कि पिछले 40 वर्षों से जमीन का विवाद चला आ रहा है। जबकि दोनों भाईयों की जमीन थी, लेकिन चचेरा भाई रामलखन उसे हथियाना चाहता था। इसी बात को लेकर कल शाम झगड़ा भी हुआ था और रात में रामलखन ने अपने साथियों बरमबली, शिवमोहन, अंकित, धीरेन्द्र, अंकुश व रामलखन की पत्नी रानी देवी के साथ मिलकर रात लगभग डेढ़ बजे भाई की कुल्हाड़ी व बरछी मारकर हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

