रायगढ़, 11 जून (आरएनएस)। महिलाओं से जुड़े अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान संवेदना के तहत रायगढ़ पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पर फेसबुक के माध्यम से दोस्ती कर एक महिला को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार पीडि़ता ने 28 अप्रैल 2026 को महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2023 में उसकी पहचान फेसबुक के जरिए आरोपी नीरापद बबली उर्फ नीरापद बबाली से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने स्वयं को अविवाहित बताते हुए विवाह का वादा किया और विश्वास में लेकर महिला से संबंध बनाए।
पीडि़ता के अनुसार आरोपी कई बार उसके घर आया और शादी का भरोसा दिलाते हुए शारीरिक संबंध बनाता रहा। बाद में वह उसे कुडुमकेला स्थित किराए के मकान में भी अपने साथ रखता रहा। महिला का आरोप है कि वर्ष 2025 तक आरोपी उसका शारीरिक शोषण करता रहा। अप्रैल 2026 में जब आरोपी दोबारा उसके घर पहुंचा तो उसने यह कहकर शादी से इंकार कर दिया कि वह पहले से विवाहित है। विरोध करने पर आरोपी ने कथित रूप से गाली-गलौज और धमकी भी दी।
मामले में महिला थाना रायगढ़ ने अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस की टीम ने कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी लगातार ठिकाना बदलकर फरार चल रहा था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र में मौजूद है। मोबाइल लोकेशन के आधार पर महिला थाना की टीम ने सीतापुर के पेटला क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। आवश्यक कानूनी और चिकित्सीय प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ पुलिस संवेदनशीलता और दृढ़ता के साथ त्वरित वैधानिक कार्रवाई कर रही है तथा ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

