कोण्डागांव, 11 जून (आरएनएस)। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने गुरुवार को फरसगांव विकासखंड अंतर्गत बोरगांव सहकारी समिति का निरीक्षण कर खाद एवं बीज भंडारण एवं वितरण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से चर्चा कर खाद की उपलब्धता तथा वितरण की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने समिति प्रबंधक से खाद और बीज के वर्तमान भंडारण एवं ई-पॉस मशीन से वितरण की जानकारी ली तथा स्टॉक पंजी का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों को निर्धारित दरों पर समय पर खाद उपलब्ध कराने और वितरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसानों को खाद एवं बीज प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कलेक्टर ने समिति प्रबंधक को किसानों के बीच मूंग एवं ढैंचा बीज का वितरण सुनिश्चित करने तथा हरित खाद के उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि हरित खाद के उपयोग से भूमि की उर्वरता में वृद्धि होती है और कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिलता है। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार जय कुमार नाग, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रूपेन्द्र नेताम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

