कोण्डागांव, 11 जून (आरएनएस)। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने गुरुवार को फरसगांव विकासखंड के विभिन्न निर्माणाधीन एवं शैक्षणिक संस्थानों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माणाधीन पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास का अवलोकन कर शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने फरसगांव में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय चिचाड़ी एवं कोरगांव के भवनों का निरीक्षण कर विद्यालयों के गुणवत्तापूर्ण संचालन तथा विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात उन्होंने शासकीय महाविद्यालय परिसर, फरसगांव में निर्माणाधीन लाइब्रेरी का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इससे पूर्व कलेक्टर ने बोरगांव स्थित कृषि विज्ञान केंद्र का भ्रमण कर बत्तख पालन, सुअर पालन, बकरी पालन एवं मत्स्य पालन सहित विभिन्न गतिविधियों के लिए किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने इन गतिविधियों के प्रभावी संचालन एवं बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत के अध्यक्ष प्रशांत पात्र, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग कृपेन्द्र तिवारी, तहसीलदार जय कुमार नाग, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रूपेन्द्र नेताम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

