कोण्डागांव, 12 जून (आरएनएस)। विश्रामपुरी थाना क्षेत्र में धान और मक्का खरीदी केंद्र पर बैठे एक ग्रामीण के साथ मारपीट कर नकदी लूटने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने कथित तौर पर मुख्यमंत्री के पास शिकायत करने की बात को लेकर नाराजगी जताते हुए वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार ग्राम कौन्दकेरा निवासी सकरूराम नाग 7 जून को सलना आश्रित उड़ीदगांव बांध के पास धान एवं मक्का खरीदी फड़ में बैठे थे। इसी दौरान एक कार में सवार होकर पहुंचे पांच लोगों ने उनसे मुख्यमंत्री के पास शिकायत करने की बात कहते हुए विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए सकरूराम के साथ मारपीट की और उनके पास रखे 2 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना की शिकायत मिलते ही विश्रामपुरी थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने ज्ञानदास कोर्राम, राघवेन्द्र उर्फ रमन कोर्राम, दौनूराम पटेल, फुलसिंग कोर्राम और रोहित पांडे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सभी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की नेक्सन कार भी जब्त कर ली है। आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। विश्रामपुरी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से गंभीर अपराध के आरोपियों को 24 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे पहुंचाने में सफलता मिली है। मामले की आगे की जांच जारी है।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

