जगदलपुर, 12 जून (आरएनएस)। बस्तर पुलिस ने टेक बैक योर प्रॉपर्टी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 100 से अधिक गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार तथा उप पुलिस अधीक्षक साइबर अमित देवांगन के मार्गदर्शन में साइबर सेल, थाना कोतवाली, बोधघाट, बस्तर एवं नगरनार पुलिस की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अभियान के दौरान तकनीकी विश्लेषण और साइबर ट्रैकिंग के माध्यम से विभिन्न स्थानों से 100 से अधिक गुम मोबाइल फोन खोजे गए। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 16 लाख रुपये आंकी गई है।
शुक्रवार को जगदलपुर के त्रिवेणी परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने बस्तर पुलिस के प्रयासों की सराहना की और खुशी व्यक्त की।
बस्तर पुलिस ने कहा कि नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा और गुमशुदा मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें, जिससे त्वरित कार्रवाई कर मोबाइल की रिकवरी की जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक तकनीक और साइबर जांच की मदद से गुम मोबाइलों की तलाश और बरामदगी की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।
0

