कोरिया, 12 जून (आरएनएस)। थाना सोनहत पुलिस ने घर में हुई चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और नकदी बरामद कर ली है। बरामद सामान की कुल कीमत 66 हजार 200 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, रामगढ़ निवासी उमाशंकर साहू ने थाना सोनहत में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 जून 2026 को वह मेहमानी में मनेन्द्रगढ़ गया हुआ था। घर पर उसकी पत्नी अकेली थी। शाम करीब 7 बजे उसकी पत्नी घर में ताला लगाकर पड़ोस गई थी। लगभग आधे घंटे बाद लौटने पर उसने देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा है और पेटी खुली हुई है। अज्ञात चोर घर से सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और नकदी चोरी कर ले गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे तथा एसडीओपी राजेश साहू के निर्देशन में थाना प्रभारी विनोद पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। संदेह के आधार पर रामगढ़ निवासी राकेश कुमार गुप्ता (28 वर्ष) और एक अपचारी बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर एक जोड़ी सोने की बाली, तीन नग सोने के मंगलसूत्र, एक चांदी की कमरधनी, एक रेडमी एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 3 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। जब्त सामान की कुल कीमत 66 हजार 200 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी राकेश कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर तथा अपचारी बालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी विनोद पासवान, उपनिरीक्षक राजाराम राठिया, उपनिरीक्षक नीलमणि कुजूर, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक धलेन्द्र प्रसाद भारती, आरक्षक निखलेश राजवाड़े, शिव पटेल, सहायक आरक्षक उमेन्द्र सिंह एवं समयलाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
0

